प्रशासन से पुलिस तक कर्मियों को लगाया सम्मान बैज,
स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों में सेवा और सम्मान की अनूठी पहल
कांकेर:- स्वतंत्रता दिवस केवल तिरंगा फहराने और राष्ट्रगान तक सीमित नहीं, बल्कि उन तमाम कर्मवीरों के सम्मान का भी अवसर है, जो राष्ट्रीय पर्व को सफल बनाने के लिए पर्दे के पीछे दिन-रात मेहनत करते हैं। इसी भावना के साथ कांकेर में समाजसेवी संस्था जन सहयोग ने इस वर्ष एक अनूठी पहल करते हुए स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों में जुटे प्रशासनिक एवं पुलिसकर्मियों को सम्मान बैज लगाकर उनका उत्साह बढ़ाया।
नरहरदेव स्कूल मैदान में 15 अगस्त समारोह की रिहर्सल और तैयारियों के दौरान ‘जन सहयोग’ के अध्यक्ष अजय पप्पू मोटवानी के नेतृत्व में संगठन की टीम पहुंची। यहां कलेक्टर, एसपी, एसडीएम, डिप्टी कलेक्टर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मान स्वरूप बैज लगाया गया और स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी गईं।
इसके बाद ‘जन सहयोग’ की टीम पुलिस विभाग से जुड़े विभिन्न कार्यालयों में पहुंची। राष्ट्रीय पर्व की सुरक्षा, व्यवस्था और आयोजन को लेकर अपनी जिम्मेदारियों में जुटे पुलिस जवानों एवं कर्मचारियों को भी सम्मान बैज पहनाकर उनके कर्तव्य और सेवा भावना को सलाम किया गया।
राष्ट्रीय पर्व की सफलता के पीछे इन कर्मवीरों की मेहनत
जन सहयोग’ के अध्यक्ष अजय पप्पू मोटवानी ने कहा कि 15 अगस्त केवल उत्सव नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति कर्तव्य, समर्पण और जिम्मेदारी को याद करने का दिन है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पर्व की भव्यता के पीछे प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी और पुलिस जवानों की कई दिनों की मेहनत होती है। ऐसे कर्मवीरों के प्रति सम्मान व्यक्त करना ही इस पहल का उद्देश्य है।
उन्होंने कहा कि देशभक्ति केवल नारों और समारोहों में नहीं, बल्कि अपने कर्तव्य का ईमानदारी से निर्वहन करने वालों के सम्मान में भी दिखाई देती है।
एक छोटे से बैज में बड़ा सम्मान
सादगीपूर्ण लेकिन भावनात्मक इस पहल से अधिकारियों और कर्मचारियों में भी उत्साह नजर आया। सम्मान का यह छोटा सा प्रयास उन लोगों के लिए प्रोत्साहन बना, जो स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों को व्यवस्थित और सफल बनाने में लगातार जुटे हुए हैं।
जन सहयोग’ की इस पहल को लोगों ने भी सकारात्मक बताया। लोगों का कहना है कि राष्ट्रीय पर्व की तैयारियों में जुटे कर्मियों को सम्मानित करना समाज और प्रशासन के बीच बेहतर संवाद और सहयोग का संदेश देता है।
कार्यक्रम में संस्था के अध्यक्ष अजय पप्पू मोटवानी के साथ धर्मेंद्र देव, दिलीप कुमार गंजीर, पप्पू साहू, शैलेंद्र देहारी और आशुतोष देव सहित अन्य सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
एक छोटा सा बैज… लेकिन सम्मान बहुत बड़ा।
जन सहयोग’ की इस पहल ने 15 अगस्त की तैयारियों में जुटे कर्मवीरों को यह संदेश दिया-देश के लिए आपकी मेहनत भी राष्ट्रसेवा है और समाज उसे सलाम करता है।
Live Cricket Info
Page16 News Khabar Wahi Jo Sach Ho!
