रायपुर में आयोजित राज्यस्तरीय समारोह में मिला प्रशस्ति पत्र व मोमेंटो
कांकेर:- सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कांकेर यातायात पुलिस में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक सतीश वर्मा एवं प्रधान आरक्षक कलेश श्याम को राज्य स्तर पर सम्मानित किया गया है। दोनों अधिकारियों को यह सम्मान छत्तीसगढ़ शासन द्वारा रायपुर में आयोजित राज्यस्तरीय सम्मान समारोह में प्रदान किया गया।
पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल राखेचा के निर्देशन में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने हेतु किए गए प्रभावी प्रयासों को देखते हुए, परिवहन विभाग द्वारा दिनांक 24 जनवरी 2026 को आयोजित कार्यक्रम में दोनों पुलिसकर्मियों को आमंत्रित किया गया था। यह सम्मान समारोह रायपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित हुआ।
समारोह के दौरान माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं माननीय परिवहन मंत्री श्री केदार कश्यप के करकमलों से दोनों अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह (मोमेंटो) प्रदान कर सम्मानित किया गया।
सहायक उप निरीक्षक सतीश वर्मा एवं प्रधान आरक्षक कलेश श्याम द्वारा जिले में यातायात नियमों के पालन, जनजागरूकता अभियान, दुर्घटना नियंत्रण एवं सड़क सुरक्षा के प्रति निरंतर किए जा रहे प्रयासों को यह सम्मान सार्वजनिक मान्यता के रूप में देखा जा रहा है।
इस उपलब्धि पर कांकेर पुलिस विभाग में हर्ष का माहौल है तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों पुलिसकर्मियों को बधाई देते हुए इसे जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है।
Live Cricket Info
Page16 News Khabar Wahi Jo Sach Ho!
