गरियाबंद:-छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले से सटे ओडिशा राज्य के नुआपड़ा जिले में चलाए गए संयुक्त सर्च ऑपरेशन में सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है। 25 जुलाई को बोडेन थाना क्षेत्र के काटफाड़ और छातापानी जंगलों में एंटी नक्सल अभियान के तहत नक्सलियों द्वारा छिपाई गई भारी मात्रा में विस्फोटक और अन्य सामग्री जब्त की गई।
अधिकारियों के अनुसार, यह ऑपरेशन नुआपड़ा, गरियाबंद और धमतरी नक्सली डिवीजन की गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए किया गया था। इस दौरान सुरक्षा बलों ने जंगलों में छिपाकर रखे गए निम्नलिखित सामग्रियों को बरामद किया: देशी निर्मित बंदूक, जिलेटिन की छड़ें, गन पाउडर, डेटोनेटर, सोलर प्लेट,वॉकी-टॉकी सेट,चार्जर, नक्सली साहित्य,दैनिक उपयोग की वस्तुएं
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ये सभी सामग्री नक्सलियों द्वारा आगामी किसी बड़ी साजिश या सुरक्षा बलों को निशाना बनाने के उद्देश्य से छिपाकर रखी गई थी। समय रहते इस जखीरे का पता चल जाना नक्सलियों की योजना पर करारा प्रहार माना जा रहा है।
नुआपड़ा पुलिस अधीक्षक ने कहा, “स्थानीय खुफिया तंत्र से मिली जानकारी के आधार पर यह सर्च ऑपरेशन चलाया गया था। हमारी टीम ने सतर्कता और साहस के साथ यह अभियान सफल बनाया है। इससे नक्सली नेटवर्क को एक बड़ी रणनीतिक क्षति हुई है।”
इस अभियान के बाद गरियाबंद और नुआपड़ा सीमा पर सर्चिंग और गश्त बढ़ा दी गई है। सुरक्षा बलों की इस सफलता ने क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित किया है।
Live Cricket Info
Page16 News Khabar Wahi Jo Sach Ho!
