कांकेर:- ग्राम कोमलपुर में एक ढाबा संचालक पर देर रात जानलेवा हमला करने की घटना सामने आई है। प्रार्थी सलीत कुमार कावड़े (उम्र 37 वर्ष) की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी इंद्रदेव नागवंशी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
घटना 29 जून की रात करीब 11:30 बजे की है। सलीत कुमार अपने ढाबे में दिन का कार्य समाप्त कर विश्राम कर रहे थे, तभी इंद्रदेव नागवंशी नामक व्यक्ति शराब के नशे में कुल्हाड़ी लेकर वहां पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित के अनुसार, आरोपी ने खाना न देने की बात पर नाराज़ होकर हमला करने की कोशिश की।
हमले के समय प्रार्थी का भांजा मौके पर पहुंचा और तत्परता दिखाते हुए आरोपी को पीछे से धक्का देकर गिरा दिया, जिससे बड़ी अनहोनी टल गई। आरोपी मौके से कुल्हाड़ी लेकर फरार हो गया।
घटना की रिपोर्ट पर थाना कांकेर में अपराध क्रमांक 192/2025 अंतर्गत धारा 296, 109 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान आरोपी इंद्रदेव नागवंशी (उम्र 33 वर्ष), निवासी पण्डरीपानी, नरहरपुर को अन्नपूर्णा चौक से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने कुल्हाड़ी रखने और हमला करने की बात कबूल की है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी जब्त कर ली है।
आरोपी का कृत्य अजमानतीय पाए जाने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। मामले में थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष नागर के नेतृत्व में उपनिरीक्षक सुरेंद्र मानिकपुरी, सउनि तेजेश्वर कश्यप व अन्य स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई कर आरोपी को पकड़कर स्थानीय लोगों में विश्वास बहाल किया है।
Live Cricket Info
Page16 News Khabar Wahi Jo Sach Ho!
