शिवसेना ने ड्रम बजाकर किया विरोध, सौंपा ज्ञापन
कांकेर:-दुर्गूकोंदल ब्लॉक के खंडी नदी में चल रही अवैध रेत उत्खनन की गतिविधियों को लेकर एक बार फिर माहौल गरमा गया है। शिवसेना कार्यकर्ताओं ने 13 जून 2025 को तहसील कार्यालय के सामने ड्रम बजाकर अनोखा विरोध दर्ज कराया और शासन-प्रशासन को जगाने का प्रयास किया। विरोध प्रदर्शन के बाद शिवसेना ने तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर रेत चोरी पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। शिवसेना प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि खंडी नदी से हाईवा और चैन माउंटेन मशीनों की मदद से बड़े पैमाने पर अवैध रेत उत्खनन किया जा रहा है। उनका कहना है कि कांग्रेस और भाजपा से जुड़े कुछ जनप्रतिनिधियों की मिलीभगत से यह अवैध कारोबार खुलेआम फल-फूल रहा है। रेत चोरी कर दुर्ग, भिलाई, रायपुर और नागपुर जैसे बड़े शहरों में ऊंचे दामों पर बेचा जा रहा है।स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक रेत चोरी की शिकायत करने पर उन्हें राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों द्वारा धमकाया और डराया जाता है। इससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। शिवसेना ने आरोप लगाया कि लगातार शिकायतों और ज्ञापन सौंपने के बावजूद प्रशासन और खनिज विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। शिवसेना का कहना है कि अधिकारी कुंभकर्णी नींद में सोए हुए हैं और इस अवैध गतिविधि को रोकने में पूरी तरह विफल साबित हो रहे हैं। ज्ञापन में शिवसेना ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही अवैध रेत उत्खनन और परिवहन पर रोक नहीं लगाई गई तो क्षेत्र की जनता को साथ लेकर बड़ा जन आंदोलन किया जाएगा। संगठन ने कहा कि यदि यह रेत चोरी नहीं रुकी, तो भविष्य में क्षेत्रवासियों को घर निर्माण और विकास कार्यों के लिए रेत दूर के शहरों से महंगे दामों पर मंगानी पड़ेगी, जिससे आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा।
Live Cricket Info
Page16 News Khabar Wahi Jo Sach Ho!
