कांकेर:-बिरनपुर हत्याकांड एवं साम्प्रदायिक हिंसा प्रकरण में सीबीआई की चार्जशीट दाखिल होने के बाद प्रदेश की सियासत एक बार फिर गरमा गई है। रविवार को कांकेर के राजीव भवन में आयोजित पत्रकारवार्ता में धमतरी विधायक ओंकार साहू ने भाजपा पर तीखे हमले किए। उन्होंने कहा कि चार्जशीट से यह स्पष्ट हो गया है कि भाजपा ने चुनावी लाभ लेने के लिए उस समय घटना को साम्प्रदायिक और जातीय रंग देने की सोची-समझी राजनीतिक साजिश रची थी।
साहू ने कहा कि तत्कालीन भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं वर्तमान उपमुख्यमंत्री अरुण साव घटना स्थल पर पहुंचकर लोगों को भड़काने का प्रयास किया था। “साव के सामने ही आगजनी हुई और उन्होंने वहां भड़काऊ भाषण दिए। इसके बाद भाजपा ने पूरे प्रदेश में इस मुद्दे को चुनावी हथियार बनाया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह तक ने अपनी चुनावी सभाओं में इस घटना को धार्मिक और जातीय विवाद से जोड़कर पेश किया,” उन्होंने आरोप लगाया।
कांग्रेस विधायक ने आगे कहा कि भाजपा ने मृतक भुवनेश्वर साहू के पिता ईश्वर साहू को सहानुभूति हासिल करने के लिए टिकट दिया, लेकिन सीबीआई की जांच ने साबित कर दिया कि तत्कालीन कांग्रेस सरकार द्वारा की गई कार्रवाई सही थी। “ईश्वर साहू जिन लोगों पर आरोप लगा रहे थे, उनमें से अंजोर यदु का नाम तक सीबीआई की चार्जशीट में नहीं है। इससे साफ है कि पूरा घटनाक्रम भाजपा की रची हुई साजिश थी,” साहू ने कहा।
साहू ने भाजपा नेतृत्व से मांग की कि अरुण साव नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल उपमुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दें और छत्तीसगढ़ की जनता से माफी मांगे। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से भी अपने “गैर जिम्मेदाराना बयानों” के लिए जनता से क्षमा मांगने की मांग की।
पत्रकारवार्ता में जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुभद्रा सलाम, प्रदेश उपाध्यक्ष बिरेश ठाकुर, प्रदेश सचिव जितेन्द्र सिंह ठाकुर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Live Cricket Info
Page16 News Khabar Wahi Jo Sach Ho!
