कांकेर:- शहर में बढ़ते सूखे नशे के कारोबार और उससे जुड़े अपराधों को लेकर Page16 समाचार समूह द्वारा पूर्व में प्रकाशित खबर ने प्रशासन को चौकन्ना किया था। अब पुलिस इस दिशा में गंभीरता दिखाते हुए कार्रवाई तेज कर रही है। इसी क्रम में कांकेर पुलिस ने बुधवार को एक व्यक्ति को अवैध मुनक्का विक्रय करते हुए रंगे हाथों पकड़ा है। आरोपी के कब्जे से 37 पैकेट मुनक्का, कुल वजन 7.400 किलोग्राम, जब्त किया गया। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस के निर्देशन में, की गई। अधिकारियों के निर्देशानुसार, कांकेर में रात्रि गश्त बढ़ाई गई है और नशे के सौदागरों पर सख्त नजर रखी जा रही है।
16 जुलाई 2025 को प्रार्थी रामकुमार तेता (उम्र 39 वर्ष, निवासी ठेलकाबोड़) ने थाना कांकेर में सूचना दी कि राकेश साहू (पिता स्व. दशरूराम साहू, उम्र 59 वर्ष, निवासी महादेव वार्ड, मस्जिद के पीछे) बिना लाइसेंस के मुनक्का बेच रहा है, जिससे क्षेत्र का सामाजिक वातावरण बिगड़ रहा है। पुलिस ने सूचना की तस्दीक करते हुए गवाहों से पूछताछ की। गवाहों के बयान से स्पष्ट हुआ कि आरोपी लंबे समय से गुप्त रूप से मुनक्का विक्रय कर रहा था।
पुलिस ने आरोपी के घर पर दबिश दी और तलाशी के दौरान 37 पैकेट मुनक्का बरामद किए। जब आरोपी से वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, तो वह कोई दस्तावेज नहीं दिखा सका। इसके बाद धारा 106 बीएनएसएस के तहत मुनक्का को गवाहों की मौजूदगी में जप्त किया गया।
शहर की शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु आरोपी राकेश साहू के खिलाफ धारा 126(2) व 135(3) भारतीय नगर शांति संहिता के तहत इस्तगासा तैयार किया गया है। आरोपी को अधिकतम प्रतिभूति राशि की मांग के साथ माननीय न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
Page16 की खबर पर प्रशासन सख्त
सूत्रों के अनुसार, Page16 द्वारा पिछले दिनों सूखे नशे को लेकर प्रकाशित विशेष रिपोर्ट के बाद प्रशासन ने इस प्रकार की गतिविधियों पर निगरानी तेज कर दी है। पुलिस लगातार ऐसे असामाजिक तत्वों पर नजर रखे हुए है जो युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेल रहे हैं।
Live Cricket Info