दुर्गकोदल:- शिवसेना नेता सूखचंद मडावी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि देश पर जीएसटी थोपने वाली भाजपा को जनता से माफी मांगनी चाहिए, जबकि उल्टे वह आज इसके घटने पर उत्सव मना रही है।
सूखचंद मडावी ने कहा, “देश में जीएसटी नाम का जजिया कर लगाने वाले आप ही थे। उसी के कारण लाखों उद्योग बंद हो गए, करोड़ों लोग बेरोजगार हो गए और छोटी दुकानें बंद हो गईं। जनता सड़कों पर आ गई। अब मामूली कमी कर खुद की पीठ थपथपाना जनता के साथ अन्याय है।”
उन्होंने आरोप लगाया कि जीएसटी में कमी की खबर मंत्रिमंडल से लीक होने के बाद व्यापारियों ने पहले ही अपने उत्पादों की कीमत लगभग 10% बढ़ा दी थी। ऐसे में अब कमी का लाभ आम जनता तक नहीं पहुंच रहा है।
मडावी ने प्रधानमंत्री से सवाल किया कि जब यूपीए सरकार के समय वह खुद जीएसटी का विरोध कर रहे थे, तब उनकी दलीलें अलग थीं, लेकिन सत्ता में आने के बाद उसी कर को लागू कर दिया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा और मोदी सरकार ने जनता से हजारों करोड़ रुपये लूटे और अब नाममात्र की राहत देकर सहानुभूति पाने की कोशिश कर रहे हैं।
शिवसेना नेता ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार इस तथाकथित राहत को उत्सव की तरह पेश कर रही है और इसके प्रचार-प्रसार में ही जनता का हजारों करोड़ रुपये खर्च हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा को स्पष्ट करना चाहिए कि देश की जनता से वह जीएसटी थोपने के लिए कब माफी मांगेगी।
Live Cricket Info
Page16 News Khabar Wahi Jo Sach Ho!
