टेंडर प्रक्रिया में देरी, भाजपा नेता के पुत्र का विरोध और प्रशासनिक तनाव से गरमाया माहौल

कांकेर:- कांकेर के अघन नगर स्थित ऐतिहासिक दुधावा तालाब में चल रहे गहरीकरण कार्य को लेकर शुरू हुआ विवाद अब राजनीतिक से प्रशासनिक टकराव में तब्दील हो चुका है। पहले जहां भाजपा और कांग्रेस के बीच इस प्रोजेक्ट को लेकर सियासी घमासान जारी था, वहीं अब निविदा प्रक्रिया को लेकर नगर पालिका अधिकारी और एक भाजपा नेता के पुत्र, जो स्वयं एक ठेकेदार हैं, के बीच टकराव खुलकर सामने आ गया है।
विवाद की जड़: निविदा प्रक्रिया में देरी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुधावा तालाब के गहरीकरण कार्य के लिए नगर पालिका द्वारा ऑनलाइन निविदा (टेंडर) आमंत्रित की गई थी। इसमें कई ठेकेदारों ने आवेदन किया, जिनमें एक भाजपा नेता के पुत्र भी शामिल थे। बताया जा रहा है कि नियत समय बीतने के बावजूद टेंडर नहीं खोला गया, जिससे अन्य ठेकेदारों सहित भाजपा नेता के पुत्र ने असंतोष जताया। इसी मुद्दे पर कल दोपहर नगर पालिका अध्यक्ष के कक्ष में अधिकारियों, सब इंजीनियर और ठेकेदार के बीच तीखी बहस हुई। मामला इतना बिगड़ा कि भाजपा नेता के पुत्र ने जिला कलेक्टर और थाने में शिकायत दर्ज करवाई, तो दूसरी ओर नगर पालिका अधिकारी भी एफआईआर दर्ज कराने थाने पहुंच गए।
कर्मचारी संघ की चेतावनी और विरोध प्रदर्शन
नगर पालिका कर्मचारी संघ ने आरोप लगाया है कि ठेकेदार द्वारा दबाव बनाने और अभद्र व्यवहार किया गया है। संघ ने ठेकेदार पर कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि कार्रवाई नहीं होती, तो वे काम बंद हड़ताल पर जाएंगे। इसके समर्थन में उन्होंने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन भी किया।
राजनीतिक और जातीय समीकरणों ने बढ़ाई पेचिदगियां
सूत्रों के अनुसार, विवादित ठेकेदार का संबंध क्षत्रिय ठाकुर समुदाय से है, और यही कारण है कि भाजपा के कई ठाकुर नेता अब सामाजिक समर्थन में खुलकर सामने आ गए हैं। कल शाम शहर में ठाकुर नेताओं की एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें निर्णय लिया गया कि यदि ठेकेदार पर कार्रवाई की गई तो समाज स्तर पर विरोध किया जाएगा।
इस विवाद से उठे कुछ अहम सवाल:
-
क्या निविदा प्रक्रिया में पारदर्शिता बरती गई ?
-
क्या एक भाजपा नेता इशारे पर चल रहा है नगर पालिका ?
-
क्या जातीय संगठनों का प्रशासनिक फैसलों पर प्रभाव उचित है?
-
और सबसे बड़ा सवाल-क्या कांकेर नगर पालिका अब एक राजनीतिक अखाड़ा बन चुका है ?
Live Cricket Info