
कांकेर:- नेशनल हाईवे 30 पर ग्राम बाबूकोहका स्थित स्टार ढाबा के पास शनिवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में जिला सत्र न्यायाधीश कांकेर आनंद ध्रुव के पुत्र अर्पित ध्रुव (26) और उनका चालक गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब 7 बजे अर्पित ध्रुव अपनी सियाज कार से रायपुर से कांकेर लौट रहे थे। इसी दौरान स्टार ढाबा के पास तेज रफ्तार शिफ्ट कार (CG 04 LF 5897) ने उनकी गाड़ी को पीछे से जबरदस्त टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों कारें अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने बांध में जा गिरीं।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तत्काल पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुँची 108 एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को चारामा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। वहाँ प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए रायपुर रेफर किया गया।
घटना के बाद यह भी सामने आया कि चारामा अस्पताल में मौजूद 108 एंबुलेंस और एक अन्य एंबुलेंस रखरखाव की कमी और तकनीकी खराबी के कारण मरीजों को रायपुर ले जाने में असमर्थ थीं। अंततः कांकेर से एंबुलेंस मंगवाकर दोनों घायलों को देर रात रायपुर भेजा गया। इस देरी को लेकर स्थानीय नागरिकों ने स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही पर नाराज़गी जताई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे में सियाज कार की एक भी एयरबैग नहीं खुली, जिसके कारण अर्पित ध्रुव और चालक को गंभीर चोटें आईं। वाहन विशेषज्ञों का कहना है कि यह एक गंभीर सुरक्षा तकनीकी त्रुटि का मामला हो सकता है।
घटना के बाद ठोकर मारने वाली शिफ्ट कार में सवार व्यक्ति मौके से फरार हो गए। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना बताया जा रहा है।
घटना के बाद लोगों ने मांग की कि 108 एंबुलेंस सेवाओं की नियमित मेंटेनेंस और निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में गंभीर मरीजों की जान बचाने में देरी न हो।
Live Cricket Info
Page16 News Khabar Wahi Jo Sach Ho!
