कांकेर – मोहन नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ओम नगर में 6 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ हुए दुराचार और उसकी निर्मम हत्या ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। इस हृदयविदारक घटना के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी ने प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था और महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराधों को लेकर गहरी नाराजगी जताई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री और गृह मंत्री विजय शर्मा का पुतला दहन कर विरोध प्रकट किया। इस अवसर पर जिला कांग्रेस कार्यालय प्रभारी लोमेन्द्र यादव ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं और बच्चों के साथ अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और भाजपा सरकार इस पर नियंत्रण रखने में पूरी तरह असफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और अपराधी बेलगाम हो चुके हैं। उन्होंने गृहमंत्री विजय शर्मा से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफे की मांग की। लोमेन्द्र यादव ने यह भी कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार भयमुक्त वातावरण देने में पूरी तरह विफल रही है और अब जनता का सरकार से विश्वास उठ चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार नशाखोरी और भ्रष्टाचार में लिप्त है, जबकि आमजन असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। प्रदर्शन में जिला उपाध्यक्ष यासीन कराणी, शहर अध्यक्ष मनोज जैन, इसहाक अहमद, चंद्रलोक ठाकुर, मुकेश तिवारी, अजय भाषवानी, कमल नागवंशी, मतीन खान, दिलीप नाग, तारस सिन्हा, यास्मीन खान, रोशन आरा, अमित साहू, निरंजन लाटिया सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Live Cricket Info