
कांकेर:-भारतीय जनता पार्टी द्वारा 6 से 14 अप्रैल तक चलाए जा रहे संगठन पखवाड़ा के अंतर्गत कांकेर जिला भाजपा कार्यालय कमल सदन में आज सक्रिय सदस्यों का सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष महेश जैन ने की।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए महेश जैन ने कहा कि भाजपा आज जिस मुकाम पर है, वह कार्यकर्ताओं के समर्पण, त्याग और संघर्ष का परिणाम है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने स्थापना के बाद से संगठनात्मक रूप से निरंतर प्रगति की है और आज भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन चुकी है।
कांकेर विधायक आशाराम नेताम ने अपने संबोधन में भाजपा की स्थापना से अब तक की राजनीतिक यात्रा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि 2014 के लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को प्रत्याशी बनाए जाने के बाद से देश की राजनीति में ऐतिहासिक बदलाव आया। भाजपा ने परंपरागत प्रचार प्रणाली से आगे बढ़कर सोशल मीडिया का सफल उपयोग किया, जिससे पार्टी को नई ऊंचाइयां मिलीं।
पूर्व सांसद मोहन मंडावी ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास की ओर तेज़ी से अग्रसर हुआ है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने विकास को केंद्र में रखते हुए नीतिगत सुधार किए हैं और देश को वैश्विक मंच पर एक नई पहचान दिलाई है।
इस अवसर पर पूर्व विधायक सुमित्रा मारकोले, नगर पालिका अध्यक्ष अरुण कौशिक, जिला पंचायत उपाध्यक्ष तारा ठाकुर, पूर्व जिलाध्यक्ष हलधर साहू, सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सम्मेलन के माध्यम से कार्यकर्ताओं में संगठन के प्रति उत्साह और सक्रियता का संचार हुआ, जिससे आगामी चुनावों में पार्टी को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
Live Cricket Info
Page16 News Khabar Wahi Jo Sach Ho!
