मानवीय सेवा की मिसाल बनी सामाजिक संस्था

कांकेर:- कांकेर की प्रसिद्ध समाजसेवी संस्था “जन सहयोग” ने एक बार फिर मानवीय संवेदनाओं का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए 156वीं लावारिस लाश की विधिपूर्वक अंत्येष्टि कर समाज को करुणा और कर्तव्य का संदेश दिया है। संस्था के अध्यक्ष अजय पप्पू मोटवानी के नेतृत्व में यह पुनीत कार्य संपन्न हुआ।
जानकारी के अनुसार, शहर के नए बस स्टैंड क्षेत्र में एक 40 से 45 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। राहगीरों ने शव देखकर पुलिस को सूचित किया। गश्ती दल द्वारा शव को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पहचान सुनिश्चित करने के लिए शव को मर्चुरी में सुरक्षित रखा गया।
पुलिस द्वारा व्यापक प्रयासों के बावजूद मृतक की पहचान या परिजनों का कोई सुराग नहीं मिला। अंततः थाना प्रभारी ने “जन सहयोग” संस्था से विधिवत पत्र लिखकर अंत्येष्टि कराने का निवेदन किया। संस्था ने मानवीय आधार पर यह दायित्व स्वीकार किया।
आज, संस्था के सदस्यों ने पुलिस बल की उपस्थिति में दूध नदी के तट पर धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ अंत्येष्टि की। इस अवसर पर अजय पप्पू मोटवानी, सागर देव, सागर गोस्वामी और हवलदार ओम प्रकाश कृषान प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि जन सहयोग संस्था का यह 156वां लावारिस शव का अंतिम संस्कार था। संस्था लंबे समय से निःस्वार्थ रूप से इस कार्य में संलग्न है और इसे अपनी सामाजिक जिम्मेदारी मानती है। संस्था को इस योगदान के लिए प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर कई पुरस्कार और सम्मान भी मिल चुके हैं।
Live Cricket Info