कोंडागांव:- शहर के शीतलापारा इलाके में सोमवार की सुबह एक महिला से सोने की चेन लूट लिए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। साईं मंदिर मार्ग निवासी ईश्वरी अमराव पति कृष्ण राव के साथ यह वारदात तब हुई जब दो अज्ञात युवक घर आकर बर्तन चमकाने का झांसा देने लगे और अचानक उनका मंगलसूत्र झपट कर फरार हो गए।
घटना सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी युवकों ने पहले महिला से बातचीत कर भरोसा जीतने की कोशिश की और फिर मौके देखकर उनके गले से सोने का मंगलसूत्र छीन लिया। वारदात के बाद दोनों युवक पहले से तैयार मोटरसाइकिल पर सवार होकर तेजी से मौके से भाग निकले।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में दोनों संदिग्ध युवक कैद हो गए हैं। फुटेज के आधार पर उनकी पहचान की जा रही है और आसपास के थाना क्षेत्रों में अलर्ट जारी कर दिया गया है।
इस वारदात ने नगरवासियों में दहशत और नाराजगी दोनों फैला दी है। शीतलापारा जैसे शांत रिहायसी इलाके में दिनदहाड़े इस तरह की घटना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है।
कोंडागांव पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी अनजान व्यक्ति को घर में प्रवेश की अनुमति न देने की अपील की है। साथ ही ऐसी घटनाओं की सूचना तुरंत पुलिस को देने का आग्रह किया गया है।
Live Cricket Info