कांकेर:– छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षाबलों को एक अहम सफलता मिली है। छोटेबेठिया क्षेत्र के जंगलों में पुलिस और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में एरिया कमेटी मेंबर रैंक की सक्रिय महिला नक्सली ‘रूपी’ मारी गई। पुलिस ने घटनास्थल से उसका शव बरामद कर लिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सुरक्षाबलों को छोटेबेठिया इलाके में नक्सलियों की मौजूदगी की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद विशेष टीम द्वारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। जंगल में घेराबंदी के दौरान नक्सलियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में सुरक्षाबलों ने भी कार्रवाई की। इस मुठभेड़ में महिला नक्सली रूपी मारी गई।
पुलिस और प्रशासन द्वारा लंबे समय से नक्सलियों को आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटने के लिए प्रेरित किया जा रहा था। सरकार की ओर से 31 मार्च तक आत्मसमर्पण का विशेष अवसर भी दिया गया था, लेकिन रूपी सहित कई सक्रिय नक्सलियों ने इस अपील को नजरअंदाज किया।
इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा ने कहा कि नक्सलियों को बार-बार आत्मसमर्पण का अवसर दिया गया था। उन्होंने चेतावनी दी कि जो लोग हिंसा का रास्ता नहीं छोड़ेंगे, उनके खिलाफ इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
मुठभेड़ के बाद इलाके में सर्च ऑपरेशन और तेज कर दिया गया है। पुलिस का मानना है कि क्षेत्र में अन्य नक्सलियों की मौजूदगी हो सकती है, जिन्हें पकड़ने या निष्क्रिय करने के लिए अभियान लगातार चलाया जा रहा है।
कांकेर में हुई यह मुठभेड़ सुरक्षाबलों की सक्रिय रणनीति और नक्सल विरोधी अभियान की निरंतरता को दर्शाती है। प्रशासन एक ओर जहां आत्मसमर्पण के विकल्प को बढ़ावा दे रहा है, वहीं हिंसा जारी रखने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का संकेत भी दे रहा है।
Live Cricket Info
Page16 News Khabar Wahi Jo Sach Ho!
