रेंजर संगठन रायपुर का चुनाव सम्पन्न

रायपुर:- रायपुर में रेंजर संगठन छत्तीसगढ़ का प्रदेश स्तरीय निर्वाचन सफलतापूर्वक और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर पूरे प्रदेश से रेंजर संगठन के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित हुए और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी निभाई।
निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान सर्वसम्मति से तीन प्रमुख पदों पर निर्विरोध चयन किया गया। कांकेर जिले से धनलाल साहू को प्रदेश अध्यक्ष के पद पर निर्विरोध निर्वाचित किया गया। वहीं बिलासपुर से विक्रांत कुमार को प्रदेश महासचिव और सुनीत साहू को प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष चुना गया। उपस्थित सभी सदस्यों ने इन नियुक्तियों का स्वागत करते हुए संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
चुनाव प्रक्रिया रही सराहनीय
चुनाव की पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई गई। इस निर्वाचन कार्य में वरिष्ठजन और अधिकारीगण की भूमिका अहम रही। चुनाव कार्य को सम्पन्न कराने में निर्वाचन अधिकारी सहायक वन संरक्षक वी. एन. दुबे, सहायक निर्वाचन अधिकारी प्रकाश ठाकुर (वन क्षेत्रपाल, जगदलपुर), और राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिल भारतीय वन अधिकारी महासंघ सतीश कुमार मिश्रा की गरिमामयी उपस्थिति रही। संगठन के सदस्यों ने अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर चुनाव को सफल बनाया और एकजुटता का संदेश दिया।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने व्यक्त किया आभार
नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष धनलाल साहू ने सभी सदस्यों का आभार प्रकट करते हुए कहा कि वे संगठन की मजबूती और रेंजर साथियों के हितों की रक्षा के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे। इसी प्रकार महासचिव और वरिष्ठ उपाध्यक्ष ने भी संगठन को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का संकल्प दोहराया।
Live Cricket Info