कोड़ेपाल नाला के पास ब्लास्ट, घायल जवान बीजापुर जिला अस्पताल में भर्ती, क्षेत्र में सर्च अभियान जारी

बीजापुर:- छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सल प्रभावित क्षेत्र में आज माओवादियों द्वारा बिछाए गए प्रेशर IED (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) के विस्फोट में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की 196वीं बटालियन का एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, CRPF 196 वाहिनी की चिन्नाकोड़ेपाल टीम एरिया डॉमिनेशन ड्यूटी पर निकली हुई थी। इसी दौरान कोड़ेपाल नाला के पास माओवादियों द्वारा लगाए गए IED के संपर्क में आने से ब्लास्ट हो गया। विस्फोट में बम निष्क्रियकरण दस्ते (BDS) के एक जवान को दोनों पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। घायल जवान को प्राथमिक उपचार के बाद तत्काल बीजापुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार जवान की स्थिति फिलहाल स्थिर है। ब्लास्ट के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके में तलाशी अभियान तेज कर दिया है। आसपास के क्षेत्रों में संभावित IED और नक्सली गतिविधियों की खोजबीन की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि नक्सल प्रभावित इलाकों में सुरक्षा बलों को हर कदम पर सतर्कता बरतनी पड़ती है, क्योंकि माओवादी अब भी सुरक्षाबलों को निशाना बनाने की फिराक में हैं। प्रशासन ने कहा है कि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।
Live Cricket Info