
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा भी दौरे में साथ, दो दिवसीय प्रवास के दौरान अधिकारियों संग होंगी अहम बैठकें
रायपुर/जगदलपुर:- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज दो दिवसीय बस्तर प्रवास पर रवाना हो गए। उनके साथ उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा भी इस दौरे में शामिल हैं। दौरे के दौरान मुख्यमंत्री साय विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा करेंगे, अधिकारियों के साथ बैठकें करेंगे और बस्तर क्षेत्र के विकास की दिशा में ठोस रणनीति पर चर्चा करेंगे।
मुख्यमंत्री ने रवाना होने से पहले मीडिया से बात करते हुए कहा, “यह दो दिवसीय प्रवास बस्तर के चहुंमुखी विकास के लिए है। हम विशेष रूप से नियद नेल्लणार योजना की समीक्षा करेंगे। इसके अलावा पर्यटन और उद्योग के क्षेत्र में संभावनाओं पर भी चर्चा की जाएगी।”
नियद नेल्लणार योजना की समीक्षा प्राथमिकता में
बस्तर में चल रही नियद नेल्लणार योजना, जो कि क्षेत्रीय विकास और प्रशासनिक सशक्तिकरण के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है, उसकी प्रगति और चुनौतियों की समीक्षा इस दौरे का अहम हिस्सा होगी। इसके साथ ही, शासन की अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की भी जमीनी स्थिति को समझने के लिए बैठकें आयोजित की जाएंगी।
पर्यटन और उद्योग पर भी होगा फोकस
सीएम साय ने बस्तर की पर्यटन और उद्योग क्षमताओं को प्रदेश की रीढ़ बताते हुए कहा कि इन क्षेत्रों को आगे बढ़ाने के लिए ठोस योजनाओं की ज़रूरत है। “बस्तर का प्राकृतिक सौंदर्य और सांस्कृतिक विरासत विश्वस्तरीय है। इसे कैसे पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जा सकता है, इस पर चर्चा की जाएगी,” उन्होंने कहा।
पश्चिम बंगाल हिंसा पर जताई चिंता
मुख्यमंत्री साय ने अपने बयान में पश्चिम बंगाल में हो रही हिंसा की भी आलोचना की और इसे लोकतंत्र के खिलाफ बताया। उन्होंने कहा, “हिंसा का कोई स्थान नहीं है, चाहे वह किसी भी राज्य में क्यों न हो। लोकतंत्र में संवाद होना चाहिए, दमन नहीं।”
Live Cricket Info