शादी समारोह में शामिल होने कोंडागांव से आ रहे थे कांकेर

कांकेर। राष्ट्रीय राजमार्ग 30 पर एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। कोंडागांव से कांकेर की ओर शादी समारोह में शामिल होने आ रही एक बोलेरो गाड़ी तेज रफ्तार में आगे चल रहे ट्रक से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि बोलेरो के सामने का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा कांकेर थाना क्षेत्र अंतर्गत पप्पू ढाबा के पास स्थित पुल पर हुआ। सूचना मिलते ही यातायात पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल कांकेर पहुँचाया गया। घायलों में से 63 वर्षीय युवराज सिंह प्रयाग, निवासी विकासनगर कोंडागांव की इलाज के दौरान मौत हो गई। अन्य चार घायलों का उपचार जिला अस्पताल में जारी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बोलेरो की रफ्तार काफी तेज थी, जिससे वह ट्रक के पीछे जाकर सीधी भिड़ंत में टकरा गई। हादसे के कारण एनएच-30 पर कुछ समय के लिए आवागमन बाधित रहा, जिसे बाद में पुलिस ने नियंत्रित किया।
कांकेर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटना की विस्तृत जांच जारी है। यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरनाक परिणामों की ओर संकेत करता है। प्रशासन ने आम जनता से सड़क पर सतर्कता बरतने और ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील की है।
Live Cricket Info
Page16 News Khabar Wahi Jo Sach Ho!
