रायपुर:- नक्सल मोर्चे पर सुरक्षाबलों को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले से माओवादियों द्वारा लूटे गए 5,000 किलो विस्फोटक में से 3,811 किलो विस्फोटक बरामद कर लिया गया है। यह बरामदगी छत्तीसगढ़ और ओडिशा की सीमा पर सुरक्षाबलों की सतर्कता और सघन अभियान का नतीजा मानी जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, सुरक्षाबलों ने हाल ही में चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान 3,800 किलो विस्फोटक और अन्य विस्फोटक सामग्री बरामद की है। हालांकि, अब भी करीब 1,200 किलो विस्फोटक माओवादियों के कब्जे में होने की आशंका जताई जा रही है। इसे लेकर सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं।
इस घटना की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने पूरे मामले की जांच अपने हाथ में ले ली है। एनआईए की टीम ओडिशा, छत्तीसगढ़ और झारखंड की सीमाओं पर फैले संभावित नक्सली ठिकानों पर निगरानी बढ़ा चुकी है। सूत्रों के अनुसार, बरामद विस्फोटकों के इस्तेमाल से माओवादी किसी बड़े हमले की योजना बना सकते थे, जिसे समय रहते नाकाम कर दिया गया।
बता दें कि कुछ दिन पहले ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले में स्थित एक विस्फोटक गोदाम पर हमला कर माओवादियों ने लगभग 5,000 किलो विस्फोटक लूट लिया था। इस घटना ने सुरक्षा एजेंसियों के होश उड़ा दिए थे। उसके बाद से लगातार तलाशी अभियान और सघन जांच जारी है।
यह कार्रवाई माओवादियों की बड़ी साजिश को विफल करने की दिशा में सुरक्षाबलों की एक अहम कामयाबी मानी जा रही है। अब सभी की नजरें बचा हुआ विस्फोटक बरामद करने और माओवादियों की मंशा पर पानी फेरने पर टिकी हैं।
Live Cricket Info
Page16 News Khabar Wahi Jo Sach Ho!
